राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक बसंत कुमार पाण्डेय सेवानिवृत्त, समारोह में भावभीनी विदाई

सिंगरौली। शासकीय माध्यमिक विद्यालय बालक बैढ़न में उच्च श्रेणी शिक्षक बसंत कुमार पाण्डेय के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित पाण्डेय को इस अवसर पर अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सम्मानित कर उनके लंबे सेवाकाल को याद किया। कार्यक्रम में मई माह में सेवानिवृत्त हुए अब्दुल शरीफ सिद्दीकी का भी सम्मान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य रोहिणी प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से लेकर डीपीसी कार्यालय तक जब भी कोई कठिन प्रश्न या समस्या आती थी, तो बसंत कुमार पाण्डेय उसका समाधान करने के लिए हमेशा उपलब्ध रहते थे। उन्होंने अपने बेदाग और सफल सेवाकाल में शिक्षक के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
वरिष्ठ व्याख्याता विक्रमादित्य तिवारी ने कहा कि बसंत पाण्डेय ने शिक्षा विभाग के साथ राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण कार्यों, विशेषकर चुनावों में भी अहम भूमिका निभाई। जिले में किसी भी प्रकार का चुनाव हो, वे अपनी टीम के साथ कलेक्टर कार्यालय में सुबह से शाम तक जिम्मेदारी संभालते थे।
उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य पारसनाथ दुबे ने कहा कि जब भी कोई समस्या आती थी, तो सभी को भरोसा रहता था कि बसंत भैया उसका समाधान कर देंगे। उनके अनुभव और सहयोग से विभाग के अनेक कार्य सहजता से पूरे होते थे।
कार्यक्रम में डायट प्राचार्य रोहिणी प्रसाद पाण्डेय, प्राचार्य पारसनाथ दुबे, लोकनाथ सिंह, कृष्ण कुमार द्विवेदी, अर्चना मिश्रा, शिक्षिका इंदु पाण्डेय, साधना शाह, श्रद्धा पाण्डेय, विक्रमादित्य तिवारी, अशोक सिंह, जीवेंद्र चौहान, प्रमोद तिवारी, नरेंद्र दुबे, शरद कुमार पाण्डेय सहित अन्य शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य रामाधार वियार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।













