तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत, एक गंभीर

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घुघरी थाना क्षेत्र के डोंगरमंडला घाट पर कटंगी गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक देवेंद्र मरावी, सैनिक पवन सोनवानी और पायलट ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद निखिल धुर्वे और दिलीप पट्टा को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे युवक मनीराम की हालत गंभीर होने के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है और स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।













