एक्सीडेंट में मृत महिला का मामला दबाने के लिए आदिवासी को पकड़ाया 1.60 लाख का चेक
मृत महिला की बहू से कराया आपसी समझौता, बिचौलिए ने की महिला से चेक की ठगी, अब पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी

देवसर/जियावन। सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी और धमकी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवक से ₹1,60,000 की राशि हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई न होने से वह दहशत और परेशानियों में जीने को मजबूर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पुरवा निवासी राजेन्द्र प्रसाद कोल की माता का 9 दिसंबर 2025 को जियावन में सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद मामला आपसी समझौते तक पहुंचा था। समझौते के तहत आरोपी पक्ष के बेचूलाल वैश्य द्वारा ₹1,60,000 का चेक दिया गया था।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के अंशु चौबे ने चेक यह कहकर अपने पास ले लिया कि बैंक में जमा करने पर जीएसटी कट जाएगा। इसके बाद छोटेलाल कोल ने नगद राशि दिलाने का भरोसा दिलाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने आपस में मिलकर चेक वापस लेकर पूरी रकम खुद ही हड़प ली।
पीड़ित के मुताबिक, जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, 13 अप्रैल 2026 को जियावन थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपियों ने रास्ते में उसे रोककर शिकायत की प्रति छीन ली और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने कहा कि जहां जाना है जाओ हमें पुलिस से कोई डर नहीं है
पीड़ित ने बताया कि उसके माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है और वह पूरी तरह असहाय है। उसने पुलिस अधीक्षक सिंगरौली से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है













