डीएवी निगाही के खिलाड़ियों का क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता में जलवा, 122 पदक जीतकर रचा सफलता का इतिहास
118 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में दिखाया दमखम, गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर विद्यालय का बढ़ाया गौरव

सिंगरौली। डीएवी पब्लिक स्कूल निगाही के विद्यार्थियों ने क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। डीएवी पब्लिक स्कूल दुधिचुआ में आयोजित डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता में निगाही विद्यालय के कुल 118 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय देते हुए खिलाड़ियों ने कुल 122 पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में स्क्वैश, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, कराटे, स्केटिंग और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। डीएवी निगाही के खिलाड़ियों ने इन स्पर्धाओं में पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। अपने अथक परिश्रम, नियमित अभ्यास और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर विद्यार्थियों ने गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
खेल के साथ शिक्षा में भी आगे बढ़ रहे विद्यार्थी
विद्यालय के प्राचार्य शैलेश सिंहल ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। 118 विद्यार्थियों की सहभागिता और 122 पदकों की उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय परिवार ने दी खिलाड़ियों को बधाई
खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेताओं और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डीएवी निगाही के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया कि बेहतर मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।












