किसानों की आय बढ़ाने फसल विविधीकरण और उच्च मूल्य वाली खेती को दें बढ़ावा : कलेक्टर

सिंगरौली। किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल विविधीकरण और उच्च मूल्य वाली खेती को प्रोत्साहित किया जाए। खाद-बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कृषि योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। यह निर्देश कलेक्टर अंकित अस्थाना ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एपीसी बैठक की समीक्षा के दौरान दिए।
बैठक में कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं और प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को फसलों के रकबे, उत्पादन एवं उत्पादकता का आकलन कर किसानों को लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने खाद-बीज की गुणवत्ता जांचने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनियमित वितरण पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गड़बड़ी मिलने पर एफआईआर दर्ज कराने और विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त करने को कहा।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अधिक किसानों को जोड़ने, किसान क्रेडिट कार्ड के प्रकरण बढ़ाने तथा नरवाई प्रबंधन के लिए हैप्पी सीडर, सुपर सीडर और रिपर जैसे कृषि यंत्रों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। अगले वर्ष शुरू होने वाली प्रेशराइज्ड सिंचाई प्रणाली की तैयारियां अभी से करने पर भी जोर दिया।
उद्यानिकी विभाग को फल, मसाला, सब्जी और फूलों की खेती के नए क्लस्टर विकसित करने तथा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने को कहा गया। मत्स्य पालन में केज कल्चर और पशुपालन में उच्च नस्ल के पशुओं को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












