12 वर्षों में 49,729 यूनिट रक्त संग्रहित कर रेडक्रॉस ने बचाईं हजारों जिंदगियां, स्थापना दिवस पर 41 यूनिट रक्तदान

सिंगरौली। मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की जीवन रक्षा के संकल्प के साथ इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा सिंगरौली द्वारा संचालित रेडक्रॉस ब्लड सेंटर ने सेवा के 12 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर 3 नवंबर 2026 को एनटीपीसी विंध्याचल स्थित विंध्य चिकित्सालय परिसर में स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। ब्लड सेंटर की स्थापना 3 नवंबर 2014 को हुई थी।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस चेयरमैन एस. डी. सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए ब्लड सेंटर की उपलब्धियों, स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों और जनजागरूकता अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते 12 वर्षों में सेंटर ने 49,729 यूनिट रक्त संग्रहित किया, जबकि विभिन्न अस्पतालों को 47,029 यूनिट रक्त उपलब्ध कराया गया। थैलेसीमिया एवं सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित 215 मरीजों को 2,432 यूनिट रक्त निःशुल्क और बिना रिप्लेसमेंट दिया गया।
स्थापना दिवस पर अतिथियों ने केक काटकर खुशियां साझा कीं। इसके साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सीआईएसएफ कमांडेंट मनीष कुमार राय ने स्वयं रक्तदान कर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके साथ सीआईएसएफ के अन्य जवानों ने भी रक्तदान किया। शिविर में कुल 41 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
समारोह में रेडक्रॉस सचिव डॉ. ओ. पी. राय, कोषाध्यक्ष ओ. पी. एन. सिन्हा, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर. डी. द्विवेदी, अतिरिक्त संचालक डॉ. एन. के. जैन, संजय प्रताप सिंह, जी. पी. सिंह, सुरेश गिरी, सत्य नारायण बंसल, डॉ. सुमित गुप्ता, डॉ. विनोद कुमार और कृष्णा कांत वशिष्ठ सहित सीआईएसएफ की टीम एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
ब्लड सेंटर के सेवायुक्तों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। समारोह का समापन स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने और प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ हुआ।












