प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सिंगरौली पहुंचे ज्ञानू, भव्य रैली में उमड़े कांग्रेस कार्यकर्ता

सिंगरौली। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के फुटकर एवं लघु व्यावसायिक समाज प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू के सिंगरौली आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। उनके सम्मान में परसौना से नवजीवन विहार तक हजारों बाइक और चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ भव्य रैली निकाली गई। रास्तेभर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान 19 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।
स्वागत रैली को वरिष्ठ कांग्रेस नेता अंजनी प्रसाद दुबे एवं राम अशोक शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बालमुकुंद सिंह परिहार, मनोज दुबे और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिसोदिया के नेतृत्व में आयोजित रैली परसौना से शुरू होकर कचनी, माजन मोड़, पुराना यातायात चौराहा और अंबेडकर चौक होते हुए नवजीवन विहार पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारी और समर्थक शामिल हुए। नवजीवन विहार चौक पर जेसीबी मशीन के माध्यम से पुष्पवर्षा कर ज्ञानू का भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया। समारोह के दौरान 19 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ज्ञानू ने कहा कि फुटकर एवं लघु व्यापारी अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। छोटे दुकानदारों और व्यापारियों की समस्याओं को समझना, उनकी आवाज पार्टी के मंच तक पहुंचाना तथा उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने प्रदेशभर में प्रकोष्ठ को सक्रिय कर अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने की बात कही।
कार्यक्रम में रामकरण वर्मा, सुदामा कुशवाहा, विष्णु प्रताप सिंह, पंकज पाण्डेय, अमर सिंह, अनिल कुमार वैश्य, रामगोपाल पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच संचालन बालमुकुंद सिंह परिहार ने किया।












