सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, नगवा में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह एवं नवीन भवन का उद्घाटन
अदाणी फाउंडेशन द्वारा 11 विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कुल 60 छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

सिंगरौली-10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित और पुरुस्कृत करने के लिए अदाणी फाउंडेशन के द्वारा नगवा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महान एनर्जन लिमिटेड परियोजना क्षेत्र अंतर्गत संचालित 11 विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कुल 60 मेधावी छात्रों को कंपनी प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र एवं मैडल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इसके साथ ही अदाणी फाउंडेशन द्वारा निर्मित नवीन भवन का उद्घाटन स्थानीय विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम के करकमलों द्वारा, अदाणी पावर बंधौरा के एचआर हेड श्री घनश्याम दास गर्ग एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय के छात्र अवनीश कुमार नाई ने मध्य प्रदेश बोर्ड 10वीं 2026 के परीक्षा परिणाम में 500 में से 497 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। अपनी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से उन्होंने न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे सिंगरौली जिले का नाम रोशन किया है। इसके साथ ही सुदूर स्थित इस विद्यालय के 5 अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने 10वीं की परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने में सफलता पाई है। मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में इस भव्य समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों से सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, नगवा में अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से विद्यालय के कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए अनुभवी शिक्षकों द्वारा निःशुल्क विशेष कोचिंग संचालित की जा रही है और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
समारोह को दौरान महान एनर्जेन लिमिटेड, बंधौरा परियोजना क्षेत्र में अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर, नगवा में नए भवन का स्थानीय विद्यायक श्री राजेन्द्र मेश्राम के कर कमलों से उद्घाटन किया गया। इस नवनिर्मित भवन में जिसमें 7 क्लास उपलब्ध है जिससे बच्चे विषयों को और अधिक अच्छे से समझ सकेंगे एवं पढ़ाई में रुचि और सीखने की क्षमता बढ़ेगी। इस विद्यालय में नगवा, करसुआलाल, बंधौरा और खैराही गांवों के लगभग 1250 विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। विद्यालय में डिजिटल बोर्ड, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था तथा शिशु वाटिका जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा मिल रहा है।













