पाकिस्तान में बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 11 की मौत, 33 घायल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पाकपट्टन के पास यात्री बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्री क्षतिग्रस्त वाहनों में फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। करीब 3 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद क्रेन और भारी मशीनों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
पाकिस्तान के अखबार ‘डॉन’ के अनुसार, आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ ने हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है। घायलों में 8 को मामूली चोटें आई हैं, जबकि 25 लोगों को पाकपट्टन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, हादसा दीपालपुर रोड पर उस समय हुआ, जब मुल्तान से कसूर जा रही यात्री बस की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बचावकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को वाहनों से बाहर निकाला।
पंजाब में अक्टूबर में 44 हजार से अधिक हादसे
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अक्टूबर के दौरान 44,797 सड़क हादसे दर्ज किए गए। इनमें 464 लोगों की मौत हुई, जबकि 23,543 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इन दुर्घटनाओं में करीब तीन-चौथाई मामलों में मोटरसाइकिलें शामिल थीं।
‘रेस्क्यू 1122’ की मासिक समीक्षा के दौरान सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में बचाव दलों ने कुल 2,31,056 आपातकालीन मामलों में कार्रवाई की और 2,33,210 लोगों को बचाया। इनमें सड़क दुर्घटनाओं के अलावा आग लगने, चिकित्सा आपातकाल, डूबने और अन्य घटनाएं शामिल थीं। इस दौरान आग लगने की 1,726 और डूबने की 94 घटनाएं भी दर्ज की गईं।
लाहौर में सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं
आंकड़ों के अनुसार, पंजाब प्रांत में सबसे अधिक 7,874 सड़क हादसे लाहौर में दर्ज किए गए, जिनमें मोटरसाइकिलें शामिल थीं। मुल्तान में ऐसे 2,838, फैसलाबाद में 2,615 और गुजरांवाला में 2,092 हादसे सामने आए। शेखूपुरा में 1,714 और तौंसा शरीफ में 142 सड़क दुर्घटनाओं में भी मोटरसाइकिलें शामिल रहीं।













