पार्किंग में खड़ी सीएनजी कार में जोरदार विस्फोट, 200 मीटर दूर तक बिखरे लोहे के टुकड़े, 4 घायल

वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में पार्किंग में खड़ी सीएनजी कार में आग लगने के बाद हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना 4 नवंबर की देर रात नवायार्ड क्षेत्र की रामवाड़ी में हुई। कार अचानक आग की लपटों से घिर गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान कार में लगा सीएनजी सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि कार के लोहे के टुकड़े करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे। हादसे में 4 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
धमाके से कार के परखच्चे उड़े, तीसरी मंजिल तक पहुंचे टुकड़े
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीपी-13 टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही कार में विस्फोट हो गया। धमाके के कारण कार के कई हिस्से उछलकर आसपास के मकानों और दूर स्थित स्थानों तक जा पहुंचे। कुछ टुकड़े तो इमारत की तीसरी मंजिल तक पहुंच गए। विस्फोट की चपेट में आने से उषाबेन, दीपिकाबेन और वीनाबेन समेत 4 लोग घायल हुए। एक महिला के हाथ में कार की बॉडी का लोहे का टुकड़ा घुस गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति के पैर में चोट आई।
दिव्यांग व्यक्ति का कियोस्क भी हुआ क्षतिग्रस्त
विस्फोट का असर आसपास की दुकानों और मकानों पर भी पड़ा। धमाके की चपेट में आकर एक दिव्यांग व्यक्ति का कियोस्क क्षतिग्रस्त हो गया। आग में कियोस्क के अंदर रखी 3 साइकिलें, कुर्सियां, स्नैक्स, चॉकलेट और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
आग देखने निकली महिला भी आई चपेट में
प्रत्यक्षदर्शी उषाबेन के मुताबिक, वह कार में लगी आग देखने के लिए घर से बाहर आई थीं। इसी दौरान एक युवक कार को हटाने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और कार के उड़ते हुए लोहे के टुकड़े आसपास मौजूद लोगों को लग गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस कार में आग लगने के कारणों और सीएनजी सिलेंडर में हुए विस्फोट की परिस्थितियों की जांच कर रही है।













