ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

दीपावली पर घर लौट रहा जीएसटी अधिकारी का परिवार हादसे में घायल, कार से 54 लाख की नकदी और जेवर मिले

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटी कार, पत्नी और दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में गुजरात में पदस्थ जीएसटी अधिकारी प्रवीण पूंजीलाल, उनकी पत्नी संतोष और दो बेटे आदित्य व अथर्व गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त कार से पुलिस को 54 लाख रुपये से अधिक नकदी और सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं।

जानकारी के अनुसार प्रवीण पूंजीलाल गुजरात के वापी में जीएसटी अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। वह दीपावली की छुट्टियों में परिवार के साथ सूरत से राजस्थान के गंगानगर स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान जावरा क्षेत्र में निमन नागदी के पास गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार पलटते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने चारों घायलों को जावरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया कि परिवार के सभी सदस्यों ने सीट बेल्ट लगा रखी थी।

कार से नकदी और आभूषण बरामद

जावरा औद्योगिक थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली तो उसमें 54 लाख रुपये से अधिक नकदी और सोने-चांदी के आभूषण मिले। पुलिस ने कीमती सामान अपने संरक्षण में ले लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता घायलों को अस्पताल पहुंचाना थी। परिवार के बयान दर्ज होने के बाद नकदी और आभूषणों के संबंध में पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button