देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

दुकान बंद कर घर लौट रहे बर्तन व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला, कर्मचारी भी घायल

जबलपुर। आधारताल थाना क्षेत्र में दुकान बंद कर कर्मचारी के साथ घर लौट रहे बर्तन व्यापारी पर 5 से 6 बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने पहले व्यापारी की बाइक रोककर उन्हें घेर लिया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी को भी बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आधारताल निवासी बर्तन व्यापारी आहत विशेष की जयप्रकाश नगर में दुकान है। धनतेरस और दीपावली के कारण इन दिनों दुकान देर रात तक खुल रही थी। शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे व्यापारी दुकान बंद कर कर्मचारी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार 5 से 6 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

व्यापारी ने युवकों से रास्ता रोकने का कारण पूछा तो एक बदमाश दौड़कर उनके पास पहुंचा और चाकू से लगातार कई वार कर दिए। कर्मचारी ने व्यापारी को बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। घायल होने के बावजूद व्यापारी ने बदमाशों का मुकाबला किया, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पीठ, गर्दन और हाथ पर चाकू के घाव

हमले के बाद कर्मचारी ने डायल 108 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। व्यापारी की पीठ, गर्दन और हाथ में चाकू के घाव बताए गए हैं। त्योहार के दौरान हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत है, वहीं स्थानीय व्यापारियों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

आधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button