सिंगरौली में बदला मौसम: आंधी-बारिश से पारा गिरा, गर्मी से राहत पर किसानों की चिंता बढ़ी

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम परिवर्तन का असर तापमान पर भी साफ दिखा। बुधवार को जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं गुरुवार को यह गिरकर 35-36 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों की तुलना में इस दिन तापमान में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय निम्न दबाव प्रणाली जिम्मेदार है। उत्तर भारत में सक्रिय यह सिस्टम अब मध्य भारत तक असर दिखा रहा है, जिससे तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश हो रही है।
हालांकि इस बदलाव से आमजन को राहत मिली है, लेकिन खेतों में रखी फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। खुले में रखे अनाज के भीगने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने किसानों को सावधानी बरतने और अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है।मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के मौसम बने रहने की संभावना जताई है।













