ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर एवं एसपी ने किया नीट परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण, पुख्ता व्यवस्था करने के दिए निर्देश

 

सिंगरौली, / आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर आज कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने जिले में स्थापित परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने केंद्र प्रभारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों की सहूलियत में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। सभी केंद्रों पर ठंडे व शुद्ध पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता और साफ-सुथरे शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए पावर बैकअप की व्यवस्था रहे, कमरों में पंखे चालू हालत में हों और परीक्षार्थियों के बैठने के लिए उचित फर्नीचर की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा में पूर्ण पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी कमरों और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखते हुए कंट्रोल रूम से इनकी सतत मॉनिटरिंग की जाए। इसके साथ ही केंद्रों के प्रवेश द्वार पर छाया के लिए टेंट लगाने के निर्देश दिए गए ताकि मेटल डिटेक्टर से चेकिंग के दौरान कतार में खड़े छात्रों को धूप से बचाया जा सके।वहीं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का सघन अवलोकन करते हुए कड़े सुरक्षा प्रबंधों के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा में तैनात पुलिस बल से कहा कि केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था मजबूत रहे और संवेदनशील बिंदुओं को चिन्हित कर वहां विशेष पुलिस बल की तैनाती के साथ पैनी नजर रखी जाए। इसके अलावा परीक्षा केंद्र परिसर के आसपास अनाधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कलेक्टर श्री बैनल ने दोहराया कि परीक्षा को बिना किसी विघ्न के अत्यंत शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना ही जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री पीएस त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button