खुदाई के बाद अधूरी सड़कें, वार्डों में बढ़ी परेशानी

सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में सीवर लाइन, गैस पाइपलाइन और अमृत जल योजना के तहत की गई खुदाई के बाद सड़कों को अधूरा छोड़ दिए जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में राहगीर और वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। हल्की बारिश के बाद स्थिति और बिगड़ गई है, जिससे कीचड़ और पानी भरे गड्ढों के कारण आवागमन कठिन हो गया है।
करीब एक वर्ष से पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है, लेकिन सड़कों की मरम्मत नहीं होने से कई वार्डों की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। खराब सड़कों के कारण कचरा वाहन, स्कूल बस, एंबुलेंस और गैस आपूर्ति सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य मार्गों पर मरम्मत तेजी से हो रही है, जबकि अंदरूनी सड़कों की अनदेखी की जा रही है। लोगों ने ठेकेदारों और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र मरम्मत और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।













