खम्हरिया–कोलडीहा सड़क निर्माण में अनियमितताओं का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

सिंगरौली। लोक निर्माण विभाग द्वारा खम्हरिया से कोलडीहा तक बन रही लगभग 6 किमी लंबी पीक्यूसी (PQC) सड़क के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्तियां जताई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा, जिससे भविष्य में सड़क की मजबूती और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, अर्थवर्क सही तरीके से नहीं किया गया है तथा सीआरएम की ग्रेडिंग भी मानक के अनुरूप नहीं है। डीएलसी की मिक्सिंग में भी कमी बताई गई है और डॉवेल बार का उपयोग नहीं किया जा रहा। वहीं मोड़ों पर सुपर एलिवेशन का कार्य भी ठीक से नहीं किया गया है।
इसके अलावा ह्यूम पाइप कलवर्ट (HPC) और वीसीडब्ल्यू पुलिया निर्माण में भी गुणवत्ता की अनदेखी के आरोप लगाए गए हैं। सड़क में कैम्बर और कंक्रीट मिक्स में मानक सामग्री के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराकर इसे गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी या हादसे की आशंका न रहे।













