तमिलनाडु में नई राजनीतिक पारी, विजय को सरकार बनाने का न्योता

चेन्नई। अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय अब तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनने की ओर बढ़ चुके हैं। गुरुवार को उन्होंने राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेट्री कझगम ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया। हालांकि पार्टी बहुमत के आंकड़े से कुछ सीटें पीछे रह गई थी, लेकिन विजय ने राज्यपाल को आवश्यक समर्थन होने का भरोसा दिलाया।
सूत्रों के अनुसार विजय ने सहयोगी दलों और निर्दलीय विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए कहा कि उनकी सरकार विधानसभा में आसानी से बहुमत साबित कर देगी। राज्यपाल अर्लेकर ने उनके दावे और प्रस्तुति पर संतोष जताते हुए औपचारिक रूप से सरकार बनाने का न्योता दे दिया।
अब माना जा रहा है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार या शनिवार को चेन्नई में आयोजित हो सकता है। समारोह में कई बड़े राजनीतिक नेताओं और सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार विजय की सफलता तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। अब तक राज्य की राजनीति मुख्य रूप से द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के इर्द-गिर्द केंद्रित रही है, लेकिन टीवीके के उभार ने पारंपरिक राजनीतिक समीकरणों को चुनौती दे दी है।













