बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

मोदीबाड़ा में अवैध डेरी और अतिक्रमणों पर चला केंट बोर्ड का बुल्डोजर

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर छावनी क्षेत्र (कैंट) में सोमवार, 11 मई को केंटोनमेंट बोर्ड ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। बोर्ड के अमले ने मोदीबाड़ा क्षेत्र में वर्षों से संचालित एक अवैध डेरी सहित आधा दर्जन अतिक्रमणों को बुल्डोजर की मदद से जमींदोज कर दिया। इस अचानक हुई कार्यवाही से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

गंदगी और अवैध कब्जे से परेशान थे लोग
जानकारी के अनुसार, मोदीबाड़ा स्थित एपीएन स्कूल के समीप इरफान नामक व्यक्ति द्वारा लंबे समय से शासकीय भूमि (सी-लैंड) पर अवैध रूप से डेरी का संचालन किया जा रहा था। इस डेरी के कारण क्षेत्र में काफी गंदगी फैलती थी, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रीय लोगों की लगातार शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए कैंट बोर्ड प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया।

नोटिस के बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण
कैंट बोर्ड के सीईओ राजीव कुमार ने करीब दो माह पूर्व ही डेरी संचालक को अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तब बोर्ड के इंजीनियरिंग सेक्शन और अन्याक्रांति दल ने मौके पर पहुँचकर अवैध निर्माणों को धराशायी कर दिया। कार्यवाही के दौरान जूनियर इंजीनियर अनुराग आचार्य और दल प्रभारी नितेश पटेरिया सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

सड़क पर बना लिए थे बाथरूम और मकान
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारी धीरे-धीरे सरकारी जमीन पर कब्जा बढ़ाते जा रहे थे। डेरी के साथ-साथ करीब 5 परिवारों ने यहाँ पक्के मकान बना लिए थे और सार्वजनिक सड़क पर बाथरूम तक का निर्माण कर लिया गया था। जूनियर इंजीनियर अनुराग आचार्य ने कहा कि कुछ अन्य लोगों को तीन दिन की अंतिम चेतावनी दी गई है; यदि वे स्वयं अपना सामान और निर्माण नहीं हटाते, तो बोर्ड द्वारा पुनः ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button