रीवा: पुलिस लाइन में खूनी संघर्ष, आरक्षक ने हेड कांस्टेबल पर कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पुलिसकर्मियों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। शहर के बिछिया थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन कॉलोनी में रविवार रात एक आरक्षक ने अपने ही साथी हेड कांस्टेबल पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में हेड कांस्टेबल मुकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोजन लेने घर पहुंचे थे हेड कांस्टेबल
जानकारी के अनुसार, मनगवां थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल मुकेश तिवारी वर्तमान में कलेक्ट्रेट ड्यूटी पर तैनात हैं। रविवार रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच वे ड्यूटी से भोजन का टिफिन लेने अपने शासकीय आवास पहुंचे थे। जैसे ही उनका बेटा दरवाजा खोलने निकला, वहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी आरक्षक चालक सुरेंद्र पांडे, उसके बेटे समन पांडे और दो अन्य साथियों ने उन पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
परिजनों ने लगाया आतंक का आरोप
घायल मुकेश तिवारी की पत्नी सुभाषिनी और बेटे आदित्य ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र पांडे पिछले तीन-चार दिनों से बिना किसी ठोस कारण के उनके परिवार के साथ गाली-गलौज कर विवाद कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी का कॉलोनी में काफी आतंक है और वह अक्सर लोगों को परेशान करता है, जिसके कारण कोई उसके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाता।
मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एसपी आरती सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना और परिजनों के बयान दर्ज किए। बिछिया थाना पुलिस ने आरक्षक सुरेंद्र पांडे, उसके बेटे और अन्य साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। हेड कांस्टेबल की हालत गंभीर बनी हुई है।













