अजीबोगरीब हादसा: जबलपुर में ट्रेन की टक्कर से उछलकर युवक पर गिरी गाय, हालत नाजुक

जबलपुर। शहर के ग्वारीघाट रेलवे स्टेशन के समीप रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। रेलवे ट्रैक पर घूम रही गायें ट्रेन की टक्कर से उछलकर पुल के नीचे जा गिरीं। इस दौरान नीचे मौजूद एक युवक के ऊपर सीधे गाय गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुल के नीचे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार 10 मई की देर रात जबलपुर से नागपुर की ओर जा रही एक ट्रेन जब ग्वारीघाट स्टेशन के पास पुल से गुजर रही थी, तभी ट्रैक पर मौजूद तीन गायें उसकी चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गायें पुल से नीचे सड़क पर जा गिरीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय पुल के नीचे एक अज्ञात युवक लघुशंका कर रहा था, जिस पर एक गाय सीधे ऊपर से गिरी।
युवक की पहचान मुश्किल, अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और 108 की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत बेहद नाजुक है और वह फिलहाल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है, जिस कारण अब तक उसका नाम और पता ज्ञात नहीं हो सका है। ग्वारीघाट थाना पुलिस युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
नगर निगम ने घायल गाय को पहुँचाया अस्पताल
हादसे में एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुई है। सूचना मिलते ही नगर निगम का अमला मौके पर पहुँचा और घायल गाय को उपचार के लिए वेटरनरी कॉलेज भेजा। मृत गाय को तिलवारा घाट ले जाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।













