बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनटीपीसी विंध्याचल में जेम-2026 का शुभारंभ, बालिका सशक्तिकरण को मिलेगा नया आयाम

कलेक्टर गौरव बैनल बोले- बेटियां बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने का साहस रखें

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा बालिका सशक्तिकरण अभियान “जेम-2026” के सातवें संस्करण का शुभारंभ 11 मई को उमंग भवन में किया गया। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में संचालित किया जा रहा है। वर्ष 2018 से शुरू हुई इस पहल के माध्यम से अब तक 736 बालिकाओं को लाभ मिल चुका है। कार्यक्रम भारत सरकार के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सियाज के एम, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, एनटीपीसी विंध्याचल के परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा, सीआईएसएफ प्रतिनिधि, विद्यालयों के प्राचार्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में मानव संसाधन प्रमुख रूमा डे शर्मा ने बताया कि विंध्याचल में पायलट परियोजना के रूप में शुरू हुआ यह अभियान आज अपनी सफलता के कारण देशभर की 50 से अधिक एनटीपीसी परियोजनाओं में लागू किया जा चुका है। समारोह के दौरान डीपीएस के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की, वहीं जेम की पूर्व प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम ने उनके आत्मविश्वास और शिक्षा के स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है।

परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा ने कहा कि जेम अभियान के तहत बालिकाओं के शिक्षा, फिटनेस, जीवन कौशल और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। पुलिस अधीक्षक के.एम. शियाज ने बालिकाओं को सामाजिक बंधनों से ऊपर उठकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कलेक्टर गौरव बेनल ने अपने संबोधन में बालिकाओं को बड़े सपने देखने और निरंतर मेहनत के माध्यम से उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जेम-2025 पर आधारित लघु फिल्म और जेम-2026 का टीजर भी प्रदर्शित किया गया। अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतिभागियों के सम्मान और केक कटिंग के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button