पीएम मोदी की अपील का असर: शेयर बाजार में ज्वेलरी स्टॉक्स धड़ाम, 12% तक टूटे भाव

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए देशवासियों से ‘सोना न खरीदने’ की अपील का शेयर बाजार पर गहरा असर पड़ा है। सोमवार को कारोबारी सत्र के दौरान दिग्गज ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई, जिससे इनके भाव 12 प्रतिशत तक फिसल गए।
टाइटन और कल्याण ज्वेलर्स में बड़ी गिरावट
दोपहर एक बजे तक बाजार में ज्वेलरी शेयरों की स्थिति चिंताजनक रही:
टाइटन (Titan): 6.11% की गिरावट के साथ ₹4,233 पर कारोबार।
कल्याण ज्वेलर्स (Kalyan Jewellers): 8.91% की कमजोरी के साथ ₹387 पर पहुंचा।
स्काई गोल्ड (Sky Gold): 7.84% टूटकर ₹498.80 पर आया।
ब्लूस्टोन (Bluestone): 5.64% की गिरावट के साथ ₹475 पर ट्रेड कर रहा था।
क्या थी प्रधानमंत्री की अपील?
रविवार को सिकंदराबाद की एक रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से अगले एक वर्ष तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा, “वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में विदेशी मुद्रा बचाना देश के लिए अनिवार्य है। अनावश्यक खर्चों में कटौती और भारत में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देना समय की मांग है।”
प्रधानमंत्री ने आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने के लिए दोबारा ‘वर्क फ्रॉम होम’ और ‘वर्चुअल कॉन्फ्रेंस’ जैसे उपाय अपनाने के साथ-साथ डेस्टिनेशन वेडिंग और विदेश यात्राओं से बचने की भी अपील की।
शेयर बाजार में चौतरफा मंदी
ज्वेलरी स्टॉक्स के साथ-साथ पूरे बाजार में भी गिरावट का माहौल रहा। दोपहर एक बजे तक सेंसेक्स 860 अंक (1.11%) गिरकर 76,468 और निफ्टी 227 अंक (0.94%) की कमजोरी के साथ 23,948 के स्तर पर आ गया। बाजार के लगभग सभी प्रमुख सूचकांक लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।













