सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के प्रयास से मिली एयर एंबुलेंस, संध्या दुबे को भेजा गया एम्स

सिंगरौली। जिले के कचनी निवासी संदीप चौबे की पत्नी संध्या दुबे (32) की गंभीर हालत को देखते हुए सीधी-सिंगरौली सांसद डाॅ राजेश मिश्रा के प्रयासों से एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजा गया। इस पहल से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार संध्या दुबे का इलाज वाराणसी में चल रहा था, जहां सीजर ऑपरेशन के दौरान उनकी डिलीवरी हुई थी। बताया गया कि नवजात बच्ची की जन्म के बाद मृत्यु हो गई, जिससे संध्या गहरे मानसिक आघात में चली गई थीं। कुछ दिनों तक उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
घर लौटने के बाद करीब चार दिनों तक आराम करने के पश्चात अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। हाथ-पैरों में अकड़न सहित अन्य गंभीर लक्षण सामने आने पर परिजन उन्हें तत्काल सिंगरौली रिसर्च हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर परिजनों ने सांसद डॉ. राजेश मिश्रा से मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही सांसद अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से मरीज की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने तत्काल एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई, जिसके माध्यम से संध्या दुबे को बेहतर उपचार हेतु एम्स रवाना किया गया।
परिजनों ने मध्यप्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री मोहन यादव, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिंगरौली विधायक राम निवास शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह सहित सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संध्या दुबे के पिता वृजेश चौबे एवं बहन मीना चौबे ने कहा कि समय पर एयर एंबुलेंस की सुविधा मिलने से मरीज को बेहतर इलाज मिल सकेगा।













