वैढ़न-विंध्यनगर मुख्य मार्ग पर सड़क खुदाई शुरू, लोगों को बेहतर सड़क निर्माण की उम्मीद

सिंगरौली। माजन मोड़ राजीव चौक से नवजीवन विहार इंदिरा चौक तक वैढ़न-विंध्यनगर मुख्य मार्ग पर सड़क खुदाई और निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से जर्जर सड़क, धूल और गड्ढों की समस्या से परेशान लोगों को अब बेहतर सड़क मिलने की उम्मीद जगी है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रीय नागरिकों में उत्साह देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मुख्य मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से निर्माण संबंधी गतिविधियां जारी हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। ऐसे में अब सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुसार पूरा किया जाना जरूरी है। लोगों ने मांग की है कि सड़क निर्माण तय समय सीमा में पूरा हो ताकि बरसात शुरू होने से पहले आवागमन सुचारु हो सके।
बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर अभी गैस सीवर पाइपलाइन का कार्य भी जारी है, जो लगभग एक सप्ताह के भीतर पूरा होने की संभावना है। स्थानीय लोगों का मानना है कि सीवर और पाइपलाइन निर्माण कार्य में हुई देरी के कारण सड़क निर्माण का कार्य प्रभावित हुआ, अन्यथा अब तक सड़कें तैयार हो चुकी होतीं।
नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण की जिम्मेदारी केवल जनप्रतिनिधियों या निर्माण एजेंसी की ही नहीं, बल्कि आम जनता की भी है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि निर्माण एजेंसी गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण कार्य को पूरा कर पाती है या नहीं।













