बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली नगर निगम में 12 मई से ठप हो सकती है सफाई व्यवस्था

नियमितीकरण की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी, महापौर पर अनदेखी का आरोप

सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र में 12 मई से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन एवं अजाक्स नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर काम बंद हड़ताल की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे सामूहिक हड़ताल और क्रमिक भूख हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।

जानकारी के अनुसार 1 मई श्रमिक दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों ने रैली निकालकर नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में 174 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों के विनियमितीकरण और 70 विनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रमुख मांग शामिल थी।

कर्मचारी संगठनों ने प्रशासन को 10 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि तय समय सीमा के भीतर मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो सभी कर्मचारी सामूहिक रूप से काम बंद कर देंगे। अब समय सीमा पूरी होने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने के संकेत दिए हैं।

जिला अध्यक्ष कमलेश भंडारी और कार्यवाहक अध्यक्ष छोटू ने आरोप लगाया कि कई बार महापौर को मौखिक और लिखित रूप से समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों में नगर सरकार और महापौर के प्रति भारी नाराजगी है।

कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो सफाई कर्मचारी काम बंद हड़ताल के साथ क्रमिक भूख हड़ताल और अनशन शुरू करेंगे। ऐसे में नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

Author

Related Articles

Back to top button