बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

महुआगांव में भीषण आग से घर राख: लाखों का सामान जलकर खाक, बेघर हुआ परिवार

स्टेशन निवास रोड पर दोपहर में हुआ हादसा, प्रशासन से मदद की गुहार

सिंगरौली। जिले के महुआगांव स्थित स्टेशन निवास रोड पर सोमवार दोपहर एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से मोतीलाल साकेत उर्फ निरूल का पूरा मकान जलकर खाक हो गया। हादसे में घर में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अचानक मकान से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि जब तक उस पर काबू पाया जाता, तब तक पूरा घर जल चुका था।
अगलगी की इस घटना में घर में रखा कपड़ा, बर्तन, साइकिल सहित दैनिक उपयोग का सारा सामान राख में तब्दील हो गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आग में उनकी जीवन भर की जमा पूंजी खत्म हो गई है। अब परिवार के सामने रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से परिवार को राहत सामग्री उपलब्ध कराने और मकान की मरम्मत के लिए सहायता देने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button