सिंगरौली में बिना परमिट स्कूल वाहनों पर बड़ी कार्रवाई: बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन सख्त
8 स्कूल वाहनों को नोटिस, ओवरलोडिंग और नियम उल्लंघन पर परिवहन विभाग का चला अभियान

सिंगरौली। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बिना वैध परमिट और नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे स्कूल वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। जांच के दौरान कई स्कूल बसों और वाहनों को बिना परमिट, टैक्स बकाया, फिटनेस नियमों के उल्लंघन तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर संचालित करते हुए पकड़ा गया। कुछ वाहनों का उपयोग मैरिज पार्टी एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं चेकपोस्ट प्रभारी के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान संबंधित वाहनों के खिलाफ ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की गई और वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कर बकाया कर एवं शास्ति राशि जमा करने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग का कहना है कि नियमों की अनदेखी, ओवरलोडिंग और शासकीय राजस्व चोरी करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान जिन 8 स्कूल वाहनों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, उनमें MP66ZG 7578, MP66P 0568, MP66ZB 2598, MP66ZB 2647, MP66ZC 1484, MP66ZF 2899, MP66P 0579 और MP66ZF 5382 शामिल हैं।
विभाग द्वारा जिले में “आदर्श परिवहन मॉडल” लागू करने की दिशा में भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देशानुसार फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी, वैध लाइसेंस, स्पीड कंट्रोल, नशा मुक्त ड्राइविंग और स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच की जा रही है।













