बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सरई तहसील में बदली व्यवस्था की तस्वीर: 15 दिन में 700 राजस्व प्रकरणों का निराकरण

दलालों और बिचौलियों पर सख्ती, समय सीमा में हो रही सुनवाई से लोगों को राहत

सिंगरौली। सरई तहसील कार्यालय में इन दिनों प्रशासनिक व्यवस्था की नई तस्वीर देखने को मिल रही है। राजस्व मामलों के तेजी से निराकरण और पारदर्शी कार्यप्रणाली के चलते आम नागरिकों, पक्षकारों और अधिवक्ताओं में संतोष का माहौल है। तहसीलदार धर्म प्रकाश मिश्रा (डिप्टी कलेक्टर) की सख्ती और अधिकारियों की सक्रियता के कारण लंबे समय से सक्रिय बिचौलियों और दलालों का प्रभाव काफी हद तक खत्म होता नजर आ रहा है।

तहसील कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पिछले महज 15 दिनों के भीतर वारिसाना नामांतरण, रजिस्ट्री नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और अतिक्रमण जैसे गंभीर प्रकृति के लगभग 700 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। इतने कम समय में बड़ी संख्या में मामलों के निपटारे को प्रशासनिक स्तर पर बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि राजस्व अधिकारी नियमित रूप से न्यायालय में उपस्थित रहकर मामलों की सुनवाई कर रहे हैं, जिससे निर्धारित पेशी पर ही प्रकरणों का निराकरण संभव हो पा रहा है। पहले जहां लोगों को अपने मामलों के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब समयबद्ध तरीके से सुनवाई होने से लोगों को राहत मिल रही है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील में सुनवाई प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हुई है। इससे आम लोगों का प्रशासनिक व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ है। जो मामले पहले महीनों तक लंबित रहते थे, वे अब तय समय सीमा के भीतर निपटाए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार तहसील में बढ़ी पारदर्शिता के कारण उन लोगों की गतिविधियों पर भी रोक लगी है, जो काम कराने के नाम पर अवैध वसूली और बिचौलियागिरी करते थे। प्रशासन की सख्ती के बाद ऐसे तत्वों की भूमिका लगभग समाप्त होती दिखाई दे रही है।

Author

Related Articles

Back to top button