10 दिन का सस्पेंस खत्म: वीडी सतीशन होंगे केरलम के नए मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने की घोषणा

तिरुवनंतपुरम:केरलम विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 10 दिन बाद आखिरकार कांग्रेस ने नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पारावूर सीट से विधायक वीडी सतीशन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।
आलाकमान की मुहर के बाद हुआ ऐलान
मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चल रही लंबी जद्दोजहद के बाद गुरुवार को पार्टी की ओर से यह आधिकारिक घोषणा की गई। इससे एक दिन पहले ही कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री पद को लेकर सभी जरूरी चर्चाएं पूरी कर ली हैं और गुरुवार को नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
केसी वेणुगोपाल भी थे रेस में शामिल
केरलम के मुख्यमंत्री पद की रेस में वीडी सतीशन अकेले नहीं थे। उनके साथ अलाप्पुझा सीट से लोकसभा सांसद केसी वेणुगोपाल का नाम भी इस पद के लिए प्रमुखता से चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक, वेणुगोपाल को राहुल गांधी की पहली पसंद माना जा रहा था। इस बात को तब और बल मिला जब राहुल गांधी ने 11 मई को दिल्ली में केसी वेणुगोपाल से अकेले में मुलाकात की थी। हालांकि, तमाम विचार-विमर्श के बाद पार्टी ने राज्य की कमान वीडी सतीशन को सौंपने का फैसला किया।













