बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

देवास में भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: 8 से अधिक की मौत की आशंका, कई किलोमीटर तक सुनाई दी धमाके की गूंज

देवास (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। टोंक कलां क्षेत्र में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में सुबह करीब 11:30 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिसमें शुरुआती जानकारी के अनुसार 8 से 10 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। इस हादसे में कई महिलाएं और बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

खौफनाक मंजर: पतंग की तरह उड़े लोग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में बारूद का स्टॉक होने के कारण विस्फोट इतना तीव्र था कि वहां मौजूद कुछ लोगों के शरीर के चिथड़े उड़कर दूर जा गिरे। एक चश्मदीद के मुताबिक, “धमाके के बाद जब हम बाहर निकले तो सड़क पर लाशें बिछी हुई थीं। फैक्ट्री की टीन की छतें और वहां मौजूद लोग पतंग की तरह हवा में उड़ते दिखाई दिए।”

राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने अभी तक अधिकारिक रूप से मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की है, लेकिन मौके पर मौजूद टीम स्थिति को संभालने में जुटी है।

आधिकारिक जांच का इंतजार
बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री पिछले काफी समय से संचालित हो रही थी। फिलहाल धमाके के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीमें यह जांच कर रही हैं कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और भारी मात्रा में बारूद भंडारण की अनुमति थी या नहीं।

Author

Related Articles

Back to top button