ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कमिश्नर रीवा संभाग ने किया खुटार गेहूं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण

2 दिवस में 90 प्रतिशत उठाव और खराब मौसम से सुरक्षा के दिए निर्देश

सिंगरौली / रीवा संभाग के कमिश्नर श्री बी.एस. जामोद द्वारा आज खुटार उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर गेहूं खरीदी की व्यवस्थाओं का सघन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री जामोद ने उपार्जन की वर्तमान गति और केंद्र पर अनाज के भंडारण की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और परिवहनकर्ताओं को निर्देश दिए कि अगले दो दिवस के भीतर केंद्र से 90 प्रतिशत गेहूं का उठाव अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाकर ही केंद्र पर किसानों के लिए सुगम व्यवस्था बनाई जा सकती है। वर्तमान में बदलते मौसम और असामयिक वर्षा की संभावना को देखते हुए उन्होंने गेहूं की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि उपार्जित गेहूं को भीगने से बचाने के लिए तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए और जल निकासी के उचित प्रबंध किए जाएं ताकि किसानों की मेहनत की उपज पूरी तरह सुरक्षित रहे।

किसानों को तौल कार्य के लिए अधिक समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए कमिश्नर ने केंद्र पर तत्काल प्रभाव से 6 तौल मशीनें पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मशीनों की संख्या बढ़ाने से कार्य में पारदर्शिता और गति आएगी। इस निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गौरव बैनल, सीईओ जिला पंचायत श्री जगदीश गोमे, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, उपायुक्त सहकारिता श्री पी.के. मिश्रा एवं जिला आपूर्ति अधिकारी श्री पी.सी. चंद्रवंशी उपस्थित रहे। कमिश्नर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से केंद्रों का भ्रमण कर उठाव और सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि परिवहन में देरी या मौसम के कारण गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित होती है, तो संबंधितों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button