बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

नरसिंहपुर में पिकअप पलटने से बड़ा हादसा: एक मजदूर की मौत, सात अन्य घायल

नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश): जिले के ग्राम कोठिया में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक युवक की जान चली गई और सात अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। पिकअप वाहन मजदूरों को लेकर खुलरी गांव से कोठिया की ओर जा रहा था, जहां सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। रास्ते में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप सड़क पर ही पलट गई।

मृतक और घायलों की पहचान
इस दुर्घटना में 26 वर्षीय मजदूर दीपेश महोबिया की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य मजदूरों के नाम राहुल (30), परमलाल (35), रत्नेश ठाकुर (23), शंकर लाल जाटव (39), राजू (40) और देवराज (23) बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल चौकी पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच के लिए केस डायरी सिहोरा चौकी को भेजी जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button