6,000 दीपों से जगमगाया श्री शक्तेश्वर महामंदिर, भव्यता से मनी देव दीपावली
प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का दिया संदेश

शक्तिनगर। एनटीपीसी सिंगरौली की विद्युत विहार कॉलोनी स्थित श्री शक्तेश्वर महामंदिर में देव दीपावली श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 6,000 मिट्टी के दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। आयोजन में एनटीपीसी परिवार के साथ शक्तिनगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में एनटीपीसी सिंगरौली के परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव मुख्य अतिथि तथा वनिता समाज की अध्यक्षा ई. निर्मला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन कर क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर ई. प्रभाकर राव ने कहा कि प्रकाश केवल अंधकार दूर करने का माध्यम नहीं, बल्कि ज्ञान, आशा और सकारात्मकता का प्रतीक है। जिस प्रकार एक दीप से अनेक दीप जलते हैं, उसी तरह छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास समाज में व्यापक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी बिजली उत्पादन के साथ लोगों के जीवन में आशा, विश्वास और खुशहाली का प्रकाश फैलाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रेम, सद्भाव, सेवा और सहयोग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही आयोजन में सहयोग देने वाली मंदिर समिति, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं की सराहना की।
कार्यक्रम में एनटीपीसी के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन, सीआईएसएफ कमांडेंट विवेक आर्य, वनिता समाज की सदस्याएं, सीआईएसएफ के जवान तथा आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर समिति और स्वयंसेवकों के सहयोग से आयोजन की व्यवस्थाएं की गईं।













