विद्यार्थियों को नशामुक्ति एवं बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक
विधिक साक्षरता शिविर में दी गई कानूनी प्रावधानों की जानकारी, शिक्षा और जागरूकता का बताया महत्व

सिंगरौली, । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिंगरौली के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अतुल कुमार खंडेलवाल के मार्गदर्शन में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय दूधी चूहा में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों को नशामुक्ति एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों और उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि नशे की आदत व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। वहीं बाल विवाह को कानूनन अपराध बताते हुए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया गया।
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













