बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बैढ़न में यातायात पुलिस का अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर शिकंजा, 47 वाहनों पर चालानी कार्रवाई

कॉलेज तिराहा से टॉकीज, तुलसी मार्ग, सराफा तिराहा और अंबेडकर बाजार तक चला विशेष अभियान

सड़क पर ठेला लगाने वाले दुकानदारों को दी समझाइश, दुकान के बाहर रखा सामान हटवाया; निर्धारित स्थान पर पार्किंग करने की अपील

सिंगरौली- शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सिंगरौली यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर ठेला लगाने और अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की। अभियान के दौरान यातायात नियमों एवं पार्किंग व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले 47 वाहनों पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।

प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुधारने अभियान

पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी रोशनी केशरवानी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।कॉलेज तिराहा से टॉकीज तक, तुलसी मार्ग, सराफा तिराहा, बस स्टैंड, अंबेडकर चौक और बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को व्यवस्थित कराया गया। वाहन चालकों को निर्धारित स्थान पर पार्किंग करने की समझाइश दी गई।

दुकानदारों और ठेला व्यवसायियों को दी चेतावनी

अभियान के दौरान सड़क पर ठेला लगाने वाले व्यवसायियों और दुकानदारों को समझाइश दी गई। दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवाया गया तथा भविष्य में सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।

47 वाहनों पर कार्रवाई, पुलिस की नागरिकों से अपील

यातायात नियमों और नो-पार्किंग व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले 47 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सड़कें आवागमन के लिए हैं, इसलिए वाहन निर्धारित स्थान पर ही खड़े करें। अव्यवस्थित पार्किंग से जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है।

यातायात पुलिस की टीम रही मौजूद

कार्रवाई में यातायात थाना प्रभारी रोशनी केशरवानी, उप निरीक्षक अशोक सिंह तोमर, सहायक उप निरीक्षक सुरेश शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक सवारिया रावत, आरक्षक प्रवेश, आरक्षक जितेंद्र सहित यातायात पुलिस का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने जिलेवासियों से यातायात नियमों का पालन करने, व्यवस्थित पार्किंग अपनाने और सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

Author

Related Articles

Back to top button