नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में बंधौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
17 वर्षीय बालिका को पुलिस ने किया दस्तयाब, आरोपी बाबूजी साकेत को भेजा जेल

माडा थाना क्षेत्र के बंधौरा चौकी का मामला, अपहरण की शिकायत पर दर्ज हुआ था अपराध; विवेचना में दुष्कर्म का खुलासा, पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं
सिंगरौली। नाबालिग बालिका के अपहरण एवं दुष्कर्म के गंभीर मामले में सिंगरौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत बालिका को दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पचौर भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी माडा शिवपूजन मिश्रा एवं चौकी प्रभारी बंधौरा उप निरीक्षक संदीप नामदेव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्परता से कार्रवाई की।
घर से लापता हुई थी 17 वर्षीय बालिका, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 नवंबर 2026 की रात बंधौरा चौकी क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग बालिका अपने घर से लापता हो गई थी। बालिका के परिजनों ने पुलिस चौकी बंधौरा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 800/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। नाबालिग बालिका से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इसे संवेदनशीलता से लेते हुए तत्काल तलाश अभियान शुरू किया।
24 घंटे के भीतर बालिका दस्तयाब, विवेचना में सामने आया गंभीर मामला
पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए 23 नवंबर 2026 को अपहृत बालिका को दस्तयाब कर लिया। इसके बाद मामले की विवेचना के दौरान बालिका के कथनों में आरोपी द्वारा उसे बहला-फुसलाकर अपने किराए के कमरे में रखने तथा उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई। विवेचना में प्राप्त तथ्यों और बालिका के कथनों के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरण के प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाईं। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 64(1), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(1) के तहत कार्रवाई की गई।
आरोपी बाबूजी साकेत गिरफ्तार, न्यायालय से जेल भेजा गया
पुलिस ने मामले में आरोपी बाबूजी साकेत पिता सोबेलाल साकेत उम्र 19 वर्ष निवासी कर्सुआरजा चौकी बंधौरा थाना माडा जिला सिंगरौली को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पचौर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
नाबालिग बालिका की दस्तयाबी एवं आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में उप निरीक्षक संदीप नामदेव, उप निरीक्षक पंकज सिंह चंदेल, प्रधान आरक्षक मनीष शुक्ला तथा आरक्षक अजीत यादव, दिलीप धाकड़ एवं शिवेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से अपहृत बालिका को सुरक्षित दस्तयाब करने और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने में सफलता मिली।













