बैढ़न में बदहाल शॉपिंग प्लाजा, 6–7 दिन से मृत गाय पड़ी; दुर्गंध से लोग परेशान
अंबेडकर चौक के पास गनियारी–बीजपुर रोड पर व्यवसायिक प्लाजा महीनों से बंद, सीटाडेल कंपनी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सिंगरौली- शहर के अंबेडकर चौक के पास गनियारी–बीजपुर रोड स्थित व्यवसायिक शॉपिंग प्लाजा की बदहाली अब गंभीर समस्या बनती जा रही है। कई महीनों से बंद पड़े प्लाजा परिसर में एक गाय पिछले 6 से 7 दिनों से मृत अवस्था में पड़ी होने की बात सामने आई है। इससे आसपास दुर्गंध का माहौल बना हुआ है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृत गाय को बाहर निकालने में भी समस्या आ रही है। मवेशी मालिक का कहना है कि गाय को बाहर निकालने के लिए बीम और दीवार तोड़नी पड़ सकती है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर मृत मवेशी का निस्तारण अब तक क्यों नहीं किया गया?
नगर निगम और सीटाडेल कंपनी की जिम्मेदारी पर सवाल
महीनों से बंद प्लाजा और परिसर में मृत गाय की स्थिति ने सीटाडेल कंपनी की देखरेख व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और निगम आयुक्त से मांग की जा रही है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर मृत मवेशी का सुरक्षित निस्तारण कराया जाए तथा परिसर की सफाई सुनिश्चित की जाए।













