चिल्काडांड में एनटीपीसी ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों की हुई जांच
वनिता समाज की अध्यक्षा ई. निर्मला ने महिलाओं से किया संवाद, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर

सिंगरौली। एनटीपीसी सिंगरौली की सीएसआर पहल के तहत 25 नवंबर को चिल्काडांड बस्ती में निःशुल्क ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। ‘आह्वान’ स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति के अंतर्गत संजीवनी अस्पताल और सीएसआर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में लगे शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
इस अवसर पर वनिता समाज की अध्यक्षा ई. निर्मला वरिष्ठ सदस्याओं के साथ बस्ती पहुंचीं और ग्रामीण महिलाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों, दैनिक चुनौतियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। चर्चा में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के विषय शामिल रहे।
ई. निर्मला ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं परिवार एवं समाज की प्रगति का आधार हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य, पोषण और नियमित चिकित्सकीय जांच पर ध्यान देने की अपील की।
शिविर में डॉ. विनोद कुमार सिंह और डॉ. राजत कुमार यादव ने ग्रामीणों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया। सभी मरीजों का रक्तचाप और रक्त शर्करा परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं। ग्रामीणों को संतुलित आहार, स्वच्छता, संक्रमण से बचाव, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर का संचालन मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ और सीएसआर के उप महाप्रबंधक डॉ. ओम प्रकाश की देखरेख में हुआ। ग्राम प्रधान हीरालाल और सीएसआर अधिकारी आदर्श ने आयोजन में सहयोग दिया। एनटीपीसी ने आसपास के गांवों में भी ऐसे स्वास्थ्य एवं जनकल्याण कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।













