बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

डिजिटल न्याय प्रणाली पर महामंथन: जबलपुर में आज राष्ट्रीय सेमिनार, CJI और 9 सुप्रीम कोर्ट जज होंगे शामिल

जबलपुर:मध्य प्रदेश की संस्कारधानी और न्यायधानी जबलपुर में शनिवार, 16 मई को न्यायपालिका में तकनीक और डिजिटल एकीकरण के भविष्य पर एक बड़ा राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जा रहा है। ‘फ्रेगमेंटेशन टू फ्यूजन: एम्पॉवरिंग जस्टिस वाया यूनाइटेड डिजिटल प्लेटफॉर्म इंटीग्रेशन’ विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में देश की न्यायपालिका के दिग्गज एक मंच पर जुटेंगे।

प्रमुख अतिथि और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इन्फॉर्मेशन सेंटर में सुबह 10:30 बजे से शुरू होने वाले इस सेमिनार के मुख्य अतिथि भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मौजूद रहेंगे। अति-विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।

न्यायपालिका का बड़ा जमावड़ा
सेमिनार में सुप्रीम कोर्ट के 9 वरिष्ठ न्यायाधीश अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जिनमें शामिल हैं:

जस्टिस जितेंद्र कुमार माहेश्वरी, जस्टिस पीएस नरसिम्हा, जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा

जस्टिस पीबी वारले, जस्टिस एन कोटेश्वर सिंह, जस्टिस आर महादेवन

जस्टिस मनमोहन और जस्टिस आलोक अराधे
साथ ही, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा सहित हाईकोर्ट के सभी न्यायाधीश भी इस महत्वपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

सेमिनार का उद्देश्य: भविष्य की डिजिटल अदालतें
इस आयोजन का मुख्य केंद्र ई-कोर्ट सिस्टम, डेटा इंटीग्रेशन और यूनिफाइड डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी कार्यान्वयन है। चर्चा के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि कैसे तकनीक के जरिए न्याय व्यवस्था को अधिक सुलभ, पारदर्शी और त्वरित बनाया जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सेमिनार देश की भावी डिजिटल न्याय प्रणाली की रूपरेखा तय करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Author

Related Articles

Back to top button