देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पेट्रोल-डीजल महंगा होने पर गिग वर्कर्स का देशव्यापी विरोध, 20 रुपये प्रति किलोमीटर भुगतान की मांग

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर गिग और ऐप आधारित वर्कर्स में नाराजगी तेज हो गई है। गिग और प्लेटफॉर्म सेवा श्रमिक संघ (GIPSWU) ने सरकार और डिजिटल प्लेटफॉर्म कंपनियों के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। यूनियन ने डिलीवरी और ट्रांसपोर्ट से जुड़े ऐप वर्कर्स के लिए न्यूनतम 20 रुपये प्रति किलोमीटर भुगतान लागू करने की मांग उठाई है।

संघ ने आज दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक देशभर में ऐप सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद रखने की अपील भी की है। यूनियन का कहना है कि 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी ने लाखों गिग वर्कर्स की आर्थिक परेशानियां बढ़ा दी हैं। संगठन के मुताबिक करीब 1.2 करोड़ ऐप आधारित कर्मचारी इस फैसले से प्रभावित होंगे, जिनमें फूड डिलीवरी, कैब सेवा, लॉजिस्टिक्स और अन्य प्लेटफॉर्म वर्कर्स शामिल हैं।

यूनियन की अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि बढ़ती ईंधन कीमतों और पहले से महंगी हो चुकी एलपीजी ने कामगारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भुगतान व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में गिग वर्कर्स इस सेक्टर को छोड़ने को मजबूर हो सकते हैं।

संघ ने Swiggy, Zomato और Blinkit जैसी कंपनियों से भी न्यूनतम 20 रुपये प्रति किलोमीटर भुगतान दर लागू करने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि भीषण गर्मी और खराब मौसम में लगातार दोपहिया वाहन चलाकर काम करने वाले ऐप कर्मचारियों पर ईंधन मूल्य वृद्धि का सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button