विदिशा में चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, सभी यात्री सुरक्षित

विदिशा। मध्य प्रदेश के Vidisha जिले के ग्यारसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सागर से इंदौर जा रही एक एसी स्लीपर कोच बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना ग्राम पीपलखेड़ा के पास सुबह करीब 5:45 बजे हुई। चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते बस जलकर खाक हो गई। हादसे में यात्रियों का सामान भी पूरी तरह जल गया।
ग्यारसपुर थाना प्रभारी गोकुल प्रसाद अजनेरिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर 9 से 10 यात्री मौजूद मिले, जबकि चालक और परिचालक वहां से जा चुके थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
यात्रियों ने पुलिस को बताया कि रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच बस के एसी सिस्टम में तकनीकी खराबी आई थी। कुछ देर मरम्मत के बाद बस को दोबारा रवाना किया गया, लेकिन सुबह अचानक धुआं उठने के बाद यह हादसा हो गया। पुलिस अब बस कंपनी से संपर्क कर चालक और परिचालक से पूछताछ करेगी, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।













