बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

जबलपुर में डीजे संचालक की चाकू मारकर हत्या, शराब पार्टी के विवाद ने लिया खूनी रूप

 

जबलपुर। Jabalpur के मदन महल थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक डीजे संचालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कपिल प्यासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शादी सीजन समाप्त होने के बाद टेंट, डीजे और ट्रांसपोर्ट कर्मचारियों के लिए एक पार्टी आयोजित की गई थी, जहां हुए विवाद ने बाद में खूनी रूप ले लिया।

जानकारी के अनुसार पार्टी मदन महल क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में चल रही थी। रेस्टोरेंट के पीछे कुछ युवक शराब पी रहे थे, तभी अतुल प्यासी और कपिल प्यासी का वहां मौजूद कुछ युवकों से विवाद हो गया। शराब के नशे में गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया, जिसके बाद अतुल और कपिल वहां से अपने घर के लिए निकल गए।

बताया जा रहा है कि विवाद करने वाले युवक बाइक से उनका पीछा करते हुए तीन पत्ती चौक स्थित यूको बैंक के पास पहुंचे और वहां फिर से झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने कपिल प्यासी पर चाकू से हमला कर दिया। कमर के नीचे चाकू लगने से कपिल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने शराब के नशे में हुए मामूली विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना है।

Author

Related Articles

Back to top button