नगर निगम आयुक्त के आश्वासन पर समाप्त हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल, चार दिन बाद पटरी पर लौटी सफाई व्यवस्था

सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली के सफाई कर्मचारियों की चार दिनों से जारी हड़ताल आखिरकार नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के सकारात्मक हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बंद कर आंदोलन कर रहे सफाई कर्मियों ने प्रशासन के भरोसे के बाद दोबारा काम पर लौटने की घोषणा की। हड़ताल समाप्त होने के साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था फिर से सामान्य होने लगी है और नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान भी शुरू कर दिया है।
दरअसल पिछले चार दिनों से सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। सफाई कार्य बंद होने के कारण शहर के कई प्रमुख बाजारों, रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का ढेर लगने लगा था, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बढ़ती समस्या को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की।
नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान स्वयं हड़ताली सफाई कर्मियों के बीच पहुंचीं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक में सफाई कर्मियों ने वेतन, कार्य परिस्थितियों, सुविधाओं और अन्य मांगों को प्रमुखता से रखा। इस दौरान कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी बीजी चतुर्वेदी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सफाई कर्मचारी संघ की ओर से कमलेश भंडारी, छोटू, रंजीत, रामशरण एवं अन्य प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से रखा।
बैठक के दौरान नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी नगर निगम परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी जायज मांगों का निराकरण नियमानुसार प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम प्रशासन सफाई कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करेगा।
आयुक्त श्रीमती प्रधान ने सफाई मित्रों की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन प्रशासनिक एवं कानूनी दायरे में रहते हुए उनकी मांगों के त्वरित निराकरण का प्रयास करेगा। आयुक्त ने कर्मचारियों से अपील की कि वे शहरहित और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पुनः कार्य प्रारंभ करें।
नगर निगम आयुक्त के आश्वासन और सकारात्मक पहल के बाद सफाई कर्मियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। कर्मचारियों ने “स्वच्छ सिंगरौली” के संकल्प के साथ दोबारा अपने कार्य पर लौटते हुए नगर निगम प्रशासन के साथ मिलकर शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का भरोसा भी दिलाया।
हड़ताल समाप्त होने के तुरंत बाद नगर निगम प्रशासन ने शहरभर में विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया। मुख्य बाजारों, कॉलोनियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरे को हटाने के लिए अतिरिक्त सफाई दल लगाए गए हैं। नगर निगम द्वारा कचरा निष्पादन और सफाई व्यवस्था को जल्द पूरी तरह सामान्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने भी नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और समाधान का आश्वासन देने के बाद कर्मचारियों ने जनहित को देखते हुए हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। कर्मचारी नेताओं ने भरोसा दिलाया कि सभी सफाई कर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए कार्य करेंगे।













