रेल लाइन परियोजना के लिए प्रशासन सख्त
आज से प्रभावित गांवों में चलेगा ध्वस्तीकरण अभियान

सिंगरौली; ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। उपखण्ड मजिस्ट्रेट देवसर द्वारा जारी आम सूचना में बताया गया है कि परियोजना से प्रभावित ग्रामों में भू-अर्जन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा प्रभावित हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रतिकर राशि भी जमा करा दी गई है।
प्रशासन के अनुसार 15 मई 2026 से ग्राम गोदवाली, बड़ोखर, भलुगढ़, गिधेर, आमो, शिलफ, पुरवाजागीर, झरिया, भरूहा, खड़ौरा, बरिगवां, कटौली, हर्राचंदेल, खोभा, सहुआर, छीवा, ढोगा एवं कुर्सी में अधिग्रहित भूमि पर बने मकानों को ध्वस्त करने एवं समतलीकरण कार्य शुरू किया जाएगा।प्रशासन ने अधिग्रहण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के कृषि कार्य एवं नए निर्माण कार्य पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही ग्रामीणों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित भूमि पर बने मकानों को तत्काल खाली कर दें, जिससे विभागीय कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा न आए।
आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा प्रशासनिक आदेश का उल्लंघन किया गया तो उसके विरुद्ध वैधानिक एवं दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।













