देवसर सीएचसी में शोपीस बने लाखों के एसी, बंद पड़े सीसीटीवी; भीषण गर्मी में परेशान मरीज
उमस और घुटन के बीच इलाज कराने को मजबूर मरीज, सुरक्षा व्यवस्था भी भगवान भरोसे

सिंगरौली। जिले के देवसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति सामने आई है। भीषण गर्मी के बीच अस्पताल में लगे लाखों रुपये कीमत के एसी बंद पड़े हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को उमस, घुटन और तेज गर्मी के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अस्पताल परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी लंबे समय से खराब बताए जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, इन दिनों क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को राहत मिलने के बजाय और अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल के वार्डों और प्रतीक्षालयों में लगे अधिकांश एसी बंद पड़े हैं। मरीजों का कहना है कि उमस और गर्मी के कारण वार्डों में बैठना तक मुश्किल हो रहा है। खासतौर पर बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शासन द्वारा मरीजों की सुविधा के लिए लाखों रुपये खर्च कर अस्पताल में एसी और अन्य उपकरण लगाए गए थे, लेकिन रखरखाव के अभाव में अब वे केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि जब सुविधाएं उपलब्ध हैं तो उनकी नियमित मॉनिटरिंग और मेंटेनेंस क्यों नहीं कराया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
सूत्रों के मुताबिक अस्पताल परिसर की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी लंबे समय से बंद पड़े हैं। तकनीकी खराबी के चलते अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ऐसे में अस्पताल परिसर की सुरक्षा भगवान भरोसे चल रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सीसीटीवी बंद होना गंभीर लापरवाही है।
स्वच्छता अभियान की खुली पोल
अस्पताल परिसर में जगह-जगह गंदगी और कचरे का जमावड़ा भी देखने को मिल रहा है। इससे स्वच्छता अभियान के दावों की वास्तविक स्थिति उजागर हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ब्लॉक स्तर के इतने महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र की यह हालत है, तो दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के उप-स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
कलेक्टर से की गई हस्तक्षेप की मांग
देवसर क्षेत्र के जागरूक नागरिकों और छात्र संगठनों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पताल के बंद पड़े एसी जल्द चालू कराए जाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में तत्काल सुधार जरूरी है, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिल सकें। अब लोगों की नजर प्रशासनिक अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर इस जनहित के मुद्दे पर कब तक सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं।













