मध्य प्रदेशसिंगरौली

किराना दुकानदार पर जानलेवा हमला, ₹15 हजार की लूट

 

सिंगरौली/चितरंगी। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लमसरई में किराना दुकानदार विनोद कुमार जायसवाल के साथ दिनदहाड़े मारपीट और लूट का गंभीर मामला सामने आया। पीड़ित ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को शिकायत देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे विनोद कुमार अपनी दुकान पर ग्राहकों को सामान दे रहे थे। इसी दौरान ग्राम के लाला बैस और बिंदू बैस ट्रक खड़े होने को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि दोनों आरोपी दुकान में घुसकर मारपीट करने लगे और विनोद कुमार को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। उनके हाथ, पैर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं।

घटना के दौरान आरोपियों ने दुकान के काउंटर से लगभग ₹15,000 नकद भी लूट लिए। आरोपियों ने बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों को धमकी दी कि यदि ट्रक दोबारा खड़ा किया गया तो जान से मार देंगे या झूठे मामले में फंसा देंगे। जाते समय आरोपियों ने ट्रक चालक के साथ भी मारपीट की।

इस मामले में गढ़वा थाना में FIR क्रमांक 97/2026 दर्ज की गई है और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और उप निरीक्षक को विवेचना सौंपी गई है। पीड़ित ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button