ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रभारी प्राचार्य के रवैये से परेशान चितरंगी कॉलेज के विद्यार्थी

छात्र-छात्राओं ने एसडीएम से लगाई गुहार, छात्रवृत्ति और परीक्षा फॉर्म नहीं भरने का आरोप

चितरंगी। विकासखंड मुख्यालय स्थित जगन्नाथ सिंह महाविद्यालय चितरंगी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्राचार्य के रवैये और व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि प्रभारी प्राचार्य द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है तथा विशेष रूप से आदिवासी विद्यार्थियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

विद्यार्थियों का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य छात्रवृत्ति और परीक्षा फॉर्म भरने में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं। छात्रों ने बताया कि उन्हें कॉलेज से भगा दिया जाता है और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। इससे आदिवासी छात्र-छात्राओं में भारी नाराजगी और भय का माहौल है।

इस मामले को लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि प्रभारी प्राचार्य के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है और उच्च शिक्षा प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

छात्रों ने जिला प्रशासन एवं उच्च शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को लेकर क्या कदम उठाता है और विद्यार्थियों को राहत मिल पाती है या नहीं।

Author

Related Articles

Back to top button