बैढ़न बस स्टैंड से रहस्यमय तरीके से लापता हुई दो साल की मासूम
युवक के साथ जाने की आशंका, तलाश में जुटी पांच से अधिक थानों की पुलिस

सिंगरौली। जिले के बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र से दो वर्षीय बच्ची के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बच्ची की तलाश के लिए बैढ़न कोतवाली सहित पांच से अधिक थानों की पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नगोरा चटनिया टोला निवासी अर्जुन सिंह अपनी दो वर्षीय पुत्री मनीषा सिंह के साथ शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात बैढ़न बस स्टैंड पर मौजूद थे। रात करीब 12:30 बजे जब पिता की नींद खुली तो उनकी बेटी मौके से गायब थी। बच्ची के अचानक लापता होने से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित पिता ने पहले बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने बैढ़न कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।पुलिस के अनुसार लापता बच्ची का रंग गोरा और कद करीब दो फीट है। घटना के समय वह आसमानी रंग की फूल टी-शर्ट और सफेद हाफ पैंट पहने हुई थी। पिता ने पुलिस को बताया कि वह औड़ी मोड़ से बैढ़न आया था और उसके साथ एक युवक भी पास में सो रहा था। बच्ची के गायब होने के साथ वह युवक भी वहां से लापता है, जिससे अपहरण की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पिता ने बताया कि वह युवक उनके परिचय का नहीं था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विंध्यनगर, जयंत, नवानगर, मोरवा, सासन, बरगवां और खुटार थाना पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। सभी पुलिस टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हैं और बस स्टैंड सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।













