जुन्नारदेव में दर्दनाक सड़क हादसा: पति-पत्नी की मौत, तीन बेटियां अनाथ

भोपाल। जुन्नारदेव क्षेत्र में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में नरेश चौधरी (42) और उनकी पत्नी वर्षा चौधरी (35) की मौत हो गई। दोनों अपनी बाइक पर चांद से घर लौट रहे थे, तभी जमुनिया जेठू के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दंपति सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल नरेश चौधरी मौके पर ही दम तोड़ गए। उनकी पत्नी वर्षा चौधरी को जिला अस्पताल छिंदवाड़ा ले जाया गया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
इस हादसे में दंपति की तीन मासूम बेटियां (लगभग 10, 6 और 4 वर्ष) अनाथ हो गईं। पूरे नगर में मातम का माहौल है। बच्चे बार-बार अपने माता-पिता के बारे में पूछ रहे हैं, जिससे आसपास के लोगों की आंखें नम हो रही हैं।
दंपति की अंतिम विदाई स्थानीय मोक्षधाम, जुन्नारदेव में एक ही चिता पर दी गई। अंतिम संस्कार में नगरवासी, सामाजिक संगठन और रिश्तेदार भारी संख्या में उपस्थित रहे।
हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग की है।
यह हादसा न केवल परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख गया है।













