बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

बैराखेड़ी में 90 डिग्री के मोड़ पर भीषण सड़क हादसा: 3 मजदूरों की मौत, 2 गंभीर घायल

 

देवास/सोनकच्छ। सोनकच्छ क्षेत्र के चौबारा-धीरा रोड पर ग्राम बैराखेड़ी के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। आयशर वाहन (MP 09 GG 3681) अनियंत्रित होकर 90 डिग्री के अंधे मोड़ पर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार पांच मजदूर प्याज की भारी बोरियों के नीचे दब गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज रफ्तार में था। जैसे ही वाहन मोड़ पर पहुँचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पलट गया। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने रातभर रेस्क्यू किया और जेसीबी मशीन की मदद से मजदूरों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सिविल अस्पताल सोनकच्छ ले जाया गया। उपचार के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया। मृतक सभी मजदूर ग्राम बालोन के निवासी बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यह 90 डिग्री का अंधा मोड़ लंबे समय से हादसों का केंद्र रहा है। इसके बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। न तो पर्याप्त चेतावनी संकेतक लगाए गए और न ही सुरक्षा रेलिंग या स्पीड ब्रेकर।

ग्रामीणों ने प्रशासन से बड़े चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर सुरक्षा इंतजाम तुरंत नहीं किए गए, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

यह हादसा इलाके में सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी का कारण बना है।

Author

Related Articles

Back to top button